मंडी धनौरा। बीती 18 अगस्त को हुई स्कूटी व मोबाइल फोन लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर लूटी गई स्कूटी व मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए। बदमाशों के कब्जे से मिली बाइक भी चोरी की निकली।
सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि ग्राम मोहददीनपुर निवासी गर्वित दूध का काम करता है। 18 अगस्त की रात दूध की आपूर्ति कर इलेक्ट्रिक स्कूटी से गांव लौट रहा था। गांव से पहले रामगंगा पोषक नहर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसकी स्कूटी व मोबाइल लूट लिया और आजमपुर की ओर भाग गए।
सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में सर्विलांस टीम व थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बाइक सवार तीन युवकों को रोककर पूछताछ की। आरोपियों ने अपने नाम गांव देवीपुरा निवासी राजा, कपिल व दीपांशु बताए। उन्होंने लूट की घटना स्वीकार की। निशानदेही पर पुलिस ने स्कूटी व मोबाइल बरामद कर लिया।
सीओ ने बताया कि आरोपियों के पास मिली बाइक चोरी की थी, जिसके संबंध में थाना रजबपुर में प्राथमिकी दर्ज है। तीनों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। संवाद