हसनपुर (अमरोहा)। बेगपुर शर्की में बुधवार की दोपहर अनियंत्रित बाइक खंभे से टकरा गई। हादसे में गांव अंधेरपुरी स्थित चुन्नीलाल इंटर कॉलेज के संचालक राकेश चौहान के भतीजे जयप्रताप (14) की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
बताते हैं कि राजेंद्र चौहान का बेटा जयप्रताप कक्षा आठ में पढ़ता था। बुधवार दोपहर में स्कूल की छुट्टी के बाद दो बच्चों को बाइक से बेगपुर शर्की छोड़ने गया था। वापस लौटते समय बेगपुर शर्की में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में जयप्रताप गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक चार बहन-भाइयों में सबसे सबसे छोटा था। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ रोष जताया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में कई बिजली के खंभे गलत तरीके से खड़े हैं, जिससे आए दिन हादसे का डर बना रहता है। मामले में सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।