कुश्ती प्रतियोगिता में अयोध्या, कानपुर, सहारनपुर, वाराणसी, अलीगढ़, संभल, बिजनौर, बागपत और अमरोहा सहित 10 टीमों के पहलवान हिस्सा ले रहे हैं। बुधवार को पहले दिन 70 किलोग्राम भारवर्ग के मुकाबले हुए। प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में अयोध्या के सर्वेश कुमार गौड़ ने मेरठ के प्रदीप कुमार को 14-10 से, अमरोहा के रोहन पाल ने बागपत के शहदाब को 8-5 से हराकर जीत हासिल की।
वहीं, वाराणसी के गोलू ने अलीगढ़ के नदीम को और संभल के अभिषेक ने सहारनपुर के मोहम्मद अयान को सीधे मुकाबले में क्रमशः 10-00 एवं 8-00 पराजित कर एकतरफा जीत दर्ज कर अगले राउंड में प्रवेश किया। इससे पहले डीएम निधि गुप्ता वत्स ने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई तथा पहलवानों के हाथ मिलवाकर प्रतियोगिता का विधिवत आगाज किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी देशकांत त्यागी ने अतिथियों का बैज लगाकर स्वागत किया। प्रतियोगिता का संचालन धर्मदेव भाटी ने किया।
तीन दिन चलेगी प्रतियोगिता
जिला क्रीड़ा अधिकारी देशकांत त्यागी ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन तीन दिन होगा। बुधवार को शुरू हुई प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन होगा। उन्होंने बताया कि अमरोहा को पहली बार राज्य स्तरीय ओपन आमंत्रण पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन करने का मौका मिला है।
यह रहे मौजूद
पहले दिन हुए खेलों के आयोजन के दौरान एएसपी राजीव कुमार सिंह, प्रथमा बैंक के प्रबंधक मनोनीत सैनी, एसडीएम धनौरा चंद्रकांता, क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी मुरादाबाद जितेंद्र यादव, उप क्रीड़ा अधिकारी अयोध्या विवेक कुमार, अध्यक्ष जिला ओलंपिक संघ अमरोहा अशोक कुमार सिंह, महासचिव जिला ओलंपिक संघ अमरोहा, डॉ. एम पी सिंह, सचिव जिला कुश्ती संघ अमरोहा धर्मदेव भाटी, भोले सिंह त्यागी संभल, सचिन कुमार सचिव कुश्ती संघ उत्तर प्रदेश वाराणसी, शहीद भगत सिंह इण्टरनेशनल स्कूल हलपुरा के प्रबंधक रोहित सांगवान, प्रधानाचार्या शीतांशी चौधरी, निदेशक संजीव कुमार और सचिन कुमार आदि मौजूद रहे। देशकांत त्यागी ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को 21 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।