उझारी। हसनपुर व उसके आसपास के गांवों में पक्षियों की बीमारी से लोगों में बर्ड फ्लू फैलने की आशंका बढ़ गई है। रविवार को हाकमपुर गांव में एक बगुला मृत पाया गया था जबकि उझारी नगर पंचायत में एक कबूतर बीमार मिला था जिसकी दोनों आंखें सूजी हुई थीं। पक्षियों की इस तरह अचानक मौत और बीमारी देखकर स्थानीय लोग चिंतित हैं।
सोमवार को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. आभा दत्त के नेतृत्व में हसनपुर के उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, डॉ. चरनजीत सिंह ने टीम के साथ उझारी में पहुंचकर जांच की। तीन अलग-अलग कबूतर पालकों के घर पहुंचकर तीन सैंपल लिए। जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वह घबराएं नहीं और सावधानी बरतें। इस घटना को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।