डिडौली (अमरोहा)। ड्यूटी कर घर लौट रहे सफाई कर्मचारी की हाईवे पर हादसे में मौत हो गई। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, मृतक के परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है।
अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के ढेला नगला निवासी नरेंद्र सिंह पुत्र मलखान सिंह सफाई कर्मचारी थे। उनकी तैनाती सम्भल जनपद के असमोली ब्लॉक क्षेत्र के सैदपुर गंगू गांव में थी। वह उत्तर प्रदेश ग्राम पंचायत सफाई कर्मी वेलफेयर एसोसिएशन असमोली के जिला महामंत्री भी थे। मंगलवार की देर शाम वह ड्यूटी कर बाइक से घर लौट रहे थे। अभी उनकी बाइक डिडौली कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर सिबौरा गांव के सामने पहुंची थी। तभी पीछे से आ रहे टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में नरेंद्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही डिडौली पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन मौके पर आ गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इंस्पेक्टर मोहित चौधरी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।