अमरोहा। दिल्ली से रोडवेज बस में सवार होकर मुरादाबाद लौट रहे स्क्रैप कारोबारी को नशीला बिस्कुट खिलाकर 4.65 लाख रुपये पार करने का मामला सामने आया है। कारोबारी का कहना है कि रास्ते में बस गजरौला में एक होटल पर रुकी तो चाय पीते समय उसके सहयात्री ने बिस्कुट खिलाया था। बिस्कुट खाने के बाद बस में सवार होने पर वह बेहोश हो गया तो उसका रुपयों से भरा बैग पार कर दिया। होमगार्ड की वर्दी पहने सहयात्री को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पाकबड़ा थाने में अभी तक की पूछताछ में उसके फर्जी होमगार्ड होने की बात पता चली है। हालांकि उसके पास से पार की गई रकम हासिल नहीं हुई है। देर रात पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
मुरादाबाद में मझोला थानाक्षेत्र के करुला जयंतीपुर गोला वाली मस्जिद के करीब मोहम्मद इदरीस का परिवार रहता है। उनके बेटे मोहम्मद मरगूब स्क्रैप का कारोबार करते हैं। दिल्ली में सप्लाई की स्क्रैप की रकम के तौर पर 4,65 लाख रुपये वसूल कर वह दिल्ली से मुरादाबाद लौट रहे थे। यह रकम उन्होंने साथ मौजूद बैग में रखी थी। मरगूब के मुताबिक सोमवार को वह बरेली डिपो की बस में सवार थे। रात करीब एक बजे रोडवेज बस गजरौला में एक होटल पर रुकी। उनके साथ सीट पर बैठे होमगार्ड की वर्दी पहने शख्स के साथ बस से बाहर आकर उन्होंने चाय पी। इस बीच सहयात्री (होमगार्ड वर्दीधारी) ने उन्हें बिस्कुट खिलाया। वापस बस में आने के कुछ देर बाद वह बेहोश हो गए।
होश आया तो बस डिडौली कोतवाली क्षेत्र में हाईवे स्थित चौधरपुर से आगे निकल चुकी थी। उनका रकम से भरा बैग गायब था। उन्होंने चालक और परिचालक को जानकारी दी तो उन्होंने बस को सीधे पाकबड़ा थाने ले जाकर रोका। मरगूब के शक पर पाकबड़ा पुलिस ने होमगार्ड की वर्दी पहने शख्स को हिरासत में ले लिया। शाम तक चली पूछताछ के बाद पुलिस ने पकड़े गए शख्स के फर्जी होमगार्ड होने का शक जताया है। पुलिस को उसके पास से बैग या उसमें रखे 4.65 लाख रुपये नहीं मिले। माना जा रहा है कि उसने यह रकम बस में मौजूद अपने किसी साथी को सौंप दी होगी। या किसी तय स्थान पर चलती बस से बैग फेंक दिया होगा, जहां पहले से मौजूद उसके साथी ने कब्जे में ले लिया होगा।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ पूरी होने तक पुलिस मामले की तह में पहुंच जाएगी और स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। अभी वह हिरासत में है।
कई घंटे इधर से उधर दौड़ाती रहीं डिडौली-पाकबड़ा थानों की पुलिस
अमरोहा। दिल्ली से मुरादाबाद के सफर के बीच 4.65 लाख रुपये गंवाने वाले स्क्रैप कारोबारी की तकलीफ पुलिस के रवैये ने और बढ़ा दी। कारोबारी के मुताबिक मामले का पता चलने पर ड्राइवर ने बस को पाकबड़ा थाने पहुंचा दिया। वहां पुलिस ने वाकया पीछे का बताते हुए डिडौली थाने जाने को कहा। डिडौली पहुंचे तो वहां की पुलिस ने पाकबड़ा भेज दिया। काफी मिन्नतों के बाद पाकबड़ा पुलिस ने उनकी तहरीर ली। होमगार्ड वर्दीधारी को पहले ही हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी थी। देर रात पाकबड़ा पुलिस ने मामला दर्ज किया।