मालदीप का टूर पैकेज दिलाने के नाम पर निजी कंपनी के मालिक ने कारोबारी से 1. 57 लाख रुपये ठग लिए। धनराशि ऑनलाइन ट्रांसफर की गई थी। अब कंपनी के मालिक का नंबर बंद आ रहा है। पीड़ित कारोबारी ने नौगांवा सादात थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
यह मामला नौगांवा सादात थानाक्षेत्र से जुड़ा है। कारोबारी अनुराग सेठी नाम के व्यक्ति ने सीओ सिटी को ईमेल के माध्यम शिकायती पत्र भेजकर बताया कि उन्होंने यात्रा-वे नाम की ट्रेवल कंपनी से संपर्क किया था। जिसमें कंपनी से मालदीव के लिए चार दिन का टूर पैकेज 1.57 लाख रुपये में तय हुआ था। यह पैकेज 7 फरवरी 2021 से 10 फरवरी 2021 तक था।
कंपनी के मालिक गौरव कांत निवासी कायमपुर उर्फ करणनगर कैलबकरी थाना नौगांवा सादात के कहने पर पूरी धनराशि रामपुर तगा स्थति एक्सिस बैंक की शाखा के खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी गई थी। अनुराग सेठी के मुताबिक कंपनी मालिक ने यह धनराशि 29 नवंबर से एक दिसंबर 2021 तक जमा कराई गई थी, लेकिन गौरवकांत ने रुपये लेने के बाद कोई टूर पैकेज नहीं दिया गया। अब उसका नंबर भी बंद आ रहा है। सीओ सिटी विजय कुमार राना ने बताया कि अनुराग सेठी की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज करा दी गई है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शिकायतकर्ता अनुराग सेठी लखनऊ के रहने वाले हैं। उन्होंने गूगल पर वेबसाइट से ट्रेवल कंपनी को सर्च किया था। यात्रा-वे नाम की कंपनी अमरोहा शहर की बताई गई है। जबकि उसका मालिक गौरवकांत रवि कायमपुर उर्फ करणनगर नौगांवा सादात का रहने वाला है। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।