14 जनवरी को मकर संक्रांति पर ब्रजघाट में गंगा स्नान पर संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर रूट डायवर्जन लागू कर दिया है। सोमवार रात आठ बजे मंगलवार रात आठ बजे तक हाईवे बस, ट्रक व अन्य भारी वाहन नहीं चलेंगे। इन वाहनों को बदले रूट से चलाया जाएगा।
वहीं बाइक व कार चालकों को छूट रहेगी। हाईवे पर जाम न लगे इसके लिए जगह-जगह पुलिस तैनात रहेगी। मकर संक्रांति पर ब्रजघाट और तिगरी गंगा में बड़ी संख्या श्रद्धालु स्नान करने पहुंचते हैं। हाईवे पर जाम लगने की आशंका व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाईवे पर रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है।
पुलिसकर्मियों को जगह-जगह तैनात किया जाएगा। ब्रजघाट गंगा पर दिल्ली, मेरठ, मुरादाबाद, बुलंदशहर के अलावा दूरदराज के श्रद्धालु स्नान करने पहुंचते हैं। कई बार वाहनों की संख्या अधिक होने पर जाम भी लग जाता है। वहीं, तिगरी में अमरोहा के अलावा बिजनौर के श्रद्धालु स्नान करने पहुंचते हैं।
सुरक्षा को लेकर पुलिस ने तैयारी कर ली है। मंगलवार को मकर संक्रांति है। स्नान के लिए सोमवार आधी रात से ही श्रद्धालु पहुंचने लगेंगे। एएसपी राजीव कुमार ने बताया कि यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर रूट डायवर्जन प्लान लागू किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि निजी व रोडवेज बस, ट्रक, ट्रैक्टर व भारी मालवाहक वाहनाें पर प्रतिबंध रहेगा। रविवार को एसपी अमित कुमार आनंद और प्रशासनिक अफसरों ने श्रद्धालुओं के सुरक्षित स्नान के मद्देनजर तिगरी गंगा स्नान घाटों का निरीक्षण किया।