गजरौला। रोटरी क्लब हसनपुर आस्था के कार्यक्रम में क्लब की गवर्नर रोटेरियन पायल गौड़ ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सात शिक्षकों, समाज सेवा में आगे रहने वाले त्रिवेणी शुगर मिल चंदनपुर के उपाध्यक्ष आमोद शर्मा को सम्मानित किया। गवर्नर ने कहा क्लब सेवा कार्यों के साथ ही फाउंडेशन में दान देने में भी आगे रहता हैै।
शिक्षक दिवस पर शनिवार रात हाईवे किनारे एक होटल में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती चित्र के आगे दीप जलाकर की गई। पायल गौड़ ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले अरविंद कुमार, शिशिर कुमार, संदीप कुमार, रेखा ठाकुर, दीप शिखा, मधु रानी को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा के लिए त्रिवेणी चीनी मिल चंदनपुर के उपाध्यक्ष आमोद कुमार शर्मा को वोकेशनल अवार्ड से सम्मानित किया। इस दौरान गवर्नर ने पर्यावरण को स्वच्छ बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पेड़-पौधे लगाने का आह्वान किया। यह कहा कि रोटरी ने ही विश्व से पोलियो जैसी बीमारी को जड़ से समाप्त किया है।
रोटेरियन सागर शर्मा ने फाउंडेशन में अधिक दान देने वाले रोटेरियन को सम्मानित किया। आधिकारिक विजिट प्रभारी रोटेरियन संजीव बंसल ने कहा कि रोटरी क्लब हसनपुर आस्था सेवा व दान देने के कार्य में मंडल में दसवां स्थान रखता है। पूर्व गवर्नर रोटेरियन दिनेश शर्मा ने भी विचार रखे। सचिव रोटेरियन विनोद कुमार सक्सेना ने क्लब के कराए कार्यों पर प्रकाश डाला।
क्लब के अध्यक्ष एवं आदर्श इंटर कॉलेज कुटी दौलतपुर के पूर्व प्रधानाचार्य ब्रह्म दत्त त्यागी ने सभी का स्वागत के साथ आभार व्यक्त किया। इस मौके पर आदर्श इंटर कॉलेज कुटी दौलतपुर केे प्रबंधक रामचंद्र सिंह गुर्जर, प्राथमिक शिक्षक संघ केे जिलाध्यक्ष यशपाल सिंह को भी सम्मानित किया गया। संचालन विशाल अग्रवाल व अक्षी अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया।