प्रयागराज में जनवरी 2025 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को लेकर परिवहन निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। मेले में जाने वाली बसों को भगवा रंग में रंगा जा रहा है। साथ ही बसों में धार्मिक गीत और भजन भी सुनाई देंगे। इसके लिए विशेष तैयारी की जा रही है। कुंभ में जाने वाली अमरोहा डिपो 50 बसों को इसके लिए तैयार किया जा रहा है।
अमरोहा डिपो के बेड़े में 67 निगम और 18 अनुबंधित बसें संचालित हैं। एआरएम मोहम्मद शफी ने बताया कि कुंभ मेले में यहां से 50 बसों को भेजा जाएगा। इनमें बीएस-6 की 24, बीएस-4 की चार और बीएस-3 की 22 बसें शामिल हैं। कुंभ मेले में जाने वाली सभी बसों को भगवा रंग में रंगा जाएगा। इसके लिए परिवहन निगम मुख्यालय से आदेश जारी हो चुका है। बीएस 6 की 24 बसें पहले ही भगवा रंग में रंगा जा चुका है। इसके अलावा अन्य बसों को भी रंगने का कार्य शुरू कराया जाएगा।
क्षेत्रीय कार्यालय को बसों की संख्या के हिसाब से डिमांड भेजी जा रही है। उसके अनुसार ही पेंट पहुंचेगा। साथ ही आवश्यकतानुसार कुछ बसें के सीटों की भी मरम्मत होनी है। कुंभ मेले में जाने वाली बसों को तैयार करने के लिए डिपो की ओर विशेष तैयारी की जा रही है। भगवा पेंट कराने के साथ उनमें धार्मिक भजन व गीत बजाने की व्यवस्था की जा रही है।
25 बसें जल्द मिलने की उम्मीद
एआरएम ने बताया कि फिलहाल डिपो के पास बीएस 6 की 24 बसें हैं। कुंभ मेले में जाने के बाद बीएस 4 व बीएस 3 की बसें ही बचेंगी। ऐसे में निगम की ओर से 25 बसें जल्द मिलने की उम्मीद है। इसके लिए पूर्व में डिमांड भेजी जा चुकी है। दिसंबर माह में नई बसें मिल जाएंगी।