फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: आंधी-बारिश में सड़कें डूबीं, खंभे टूटे...150 गांवों की बत्ती गुल

Sun, 31 May 2026 02:18 AM IST
मुरादाबाद ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अमरोहा
विज्ञापन
विज्ञापन
अमरोहा। शुक्रवार की रात और शनिवार को बारिश से शहर की सड़कें बारिश के पानी में डूब गईं तो आंधी में कई स्थानों पर आंधी से बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं और 50 बिजली के खंभे टूट गए। इससे 150 से ज्यादा गांवों की आपूर्ति बाधित हो गई। गुलड़िया बिजलीघर में तकनीकी फाल्ट आने से दाउसराय बिजलीघर से जुड़े कई मोहल्लों में करीब ढाई घंटे तक बिजली गुल रही, जिससे लोगों को गर्मी और उमस के बीच भारी परेशानी उठानी पड़ी।
विज्ञापन

बारिश से शहर के कई प्रमुख मार्गों और मोहल्लों में जलभराव हो गया। सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगीं और लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई दुकानों और घरों के बाहर तक पानी भर गया। जलनिकासी की व्यवस्था ध्वस्त होने से लोगों में नगर पालिका के प्रति नाराजगी देखने को मिली।

गुलड़िया बिजली घर में फाल्ट आने के बाद उपभोक्ताओं के घरों में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बंद हो गए। पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई। उधर तेज आंधी के कारण कैलसा, डिडौली और मुरादनगर क्षेत्र में बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचा। शहर से लेकर गांवों तक पेड़ और उनकी टहनियां टूटकर बिजली तारों पर गिर गईं, जिससे आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के करीब 50 खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। इसके चलते कई गांवों में घंटों तक अंधेरा छाया रहा। वहीं कलक्ट्रेट बिजलीघर से जुड़े कई मोहल्लों में करीब दो घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। बार-बार ट्रिपिंग और बिजली कटौती से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लाइनों की पेट्रोलिंग की जा रही है।
विज्ञापन

अधिशासी अभियंता निखिल वर्मा ने बताया कि आंधी के कारण विभिन्न क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई थी। घरेलू आपूर्ति से जुड़े आठ क्षतिग्रस्त खंभों को दुरुस्त कर बिजली बहाल कर दी गई है, जबकि ट्यूबवेल लाइनों की मरम्मत का कार्य जारी है।


वर्जन
आंधी बारिश की वजह से कई जगह पर आपूर्ति पर असर पड़ा है। कई स्थानों पर खंभे भी टूट गए। जिससे सप्लाई बाधित रही। कुछ स्थानों पर सप्लाई को बहाल कर दिया गया है और लाइनों को ठीक करने का काम चल रहा है। पेड़ों की टहनियां टूटकर लाइनों पर गिरने से ज्यादा दिक्कत आई। -आरपी सिंह, अधीक्षण अभियंता







-



पहली ही बारिश में खुल गई नाला सफाई की पोल



फोटो

अमरोहा। बिना मौसम बारिश ने नगर पालिका के नाला सफाई अभियान की हकीकत उजागर कर दी। शुक्रवार रात और शनिवार दोपहर बाद हुई सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।


नगर पालिका क्षेत्र में करीब 40 नाले हैं। बरसात से पहले पालिका प्रशासन ने बड़े और मध्यम नालों की सफाई जेसीबी मशीनों के माध्यम से कराए जाने का दावा किया था। हालांकि, पहली ही बारिश ने इन दावों की पोल खोल दी। शहर के अधिकांश छोटे नाले और नालियां गंदगी व सिल्ट से अटे होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो सकी। नतीजतन बारिश का पानी सड़कों और गलियों में भर गया। सबसे अधिक परेशानी निचले इलाकों के लोगों को उठानी पड़ी। आजाद मार्ग, कोट चौराहा, बटवाल बाजार, आंबेडकर मूर्ति क्षेत्र, अतरासी तिराहा, लकमड़ा, जामा मस्जिद के आसपास की गलियां और कई अन्य मोहल्ले घंटों तक जलमग्न रहे। कई जगह नालों में जमा कूड़ा और गंदगी पानी के साथ सड़कों पर बहकर आ गई, जिससे हालात और खराब हो गए। लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात से पहले नाला सफाई के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में कोई सुधार नजर नहीं आता।



-


तेज बारिश के कारण कुछ स्थानों पर अस्थायी रूप से पानी भर गया था। बारिश बंद होने के कुछ समय बाद अधिकांश क्षेत्रों से पानी निकल गया। उन्होंने कहा कि जलनिकासी व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।- डॉ. बृजेश कुमार, ईओ, नगर पालिका







-



बारिश से तापमान में गिरावट, गर्मी से मिली राहत

अमरोहा। मौसम में आए अचानक बदलाव और बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो शनिवार को घटकर 36 डिग्री सेल्सियस रह गया। तापमान में करीब एक डिग्री की गिरावट से लोगों ने राहत महसूस की, वहीं ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया। गर्मी और उमस से निजात मिली।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें