गजरौला (अमरोहा)। छोटे भाई ने शुक्रवार की रात बड़े भाई पर कुल्हाड़ी वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाद में आरोपी उसे घायल अवस्था में कमरे में बंद कर भाग गया। वह रात भर कमरे में कराहता रहा। सुबह चीखने चिल्लाने पर पहुंचे मोहल्ले के लोगों ने दरवाजा खोलकर उसे बाहर निकाला और सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से उसे रेफर कर दिया गया। नाईपुरा मोहल्ला निवासी इरफान ( 25) मजदूरी कर परिवार का गुजारा करता है। उसका आरोप है कि उसका भाई उसकी पत्नी को आए दिन परेशान करता है। विरोध करने पर उससे रंजिश मानता है। शुक्रवार की रात करीब 12 बजे वह घर में सो रहा था।
आरोप है कि इस दौरान छोटा भाई अजहरुद्दीन आया और उस पर कुल्हाड़ी से कई प्रहार किए। जिससे वह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे कमरे में बंद कर भाग गया। वह रात भर कराहता रहा।
शनिवार सुबह उसके अंदर से चीखने चिल्लाने पर पड़ोसी एकत्र हो गए। दरवाजा खोलकर देखा तो इरफान लहूलुहान पड़ा मिला। उन्होंने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना देकर उसे उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि तहरीर मिल गई है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।