अमरोहा। सड़क हादसों और मौतों पर अंकुश लगाने के लिए 16 से 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जाएगा। शासन ने सभी विभागों को जागरूकता अभियान चलाने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य सचिव एसपी गोयल के निर्देशों के अनुसार सरकारी कार्यालयों में बिना हेलमेट और सीट बेल्ट पहुंचने वाले कर्मचारियों को सार्वजनिक रूप से सचेत किया जाएगा। चेतावनी बोर्ड और बैनर भी लगाए जाएंगे। दोबारा नियम तोड़ने वालों का कार्यालय में प्रवेश प्रतिबंधित कर अनुपस्थित माना जाएगा।
स्कूल-कॉलेजों में प्रार्थना सभा के बाद विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देकर शपथ दिलाई जाएगी। रोड सेफ्टी क्लब के जरिए बिना लाइसेंस और हेलमेट आने वाले विद्यार्थियों व अभिभावकों को जागरूक किया जाएगा। अभियान में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, स्वयंसेवी संस्थाओं और सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वालों को जोड़ा जाएगा। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया, होर्डिंग तथा सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली से प्रचार होगा।
राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे पर खड़े खराब व अवैध वाहनों को हटाने के लिए नियमित पेट्रोलिंग होगी। राज्य राजमार्गों पर यह जिम्मेदारी पुलिस निभाएगी। इस दौरान जिला और मंडलीय सड़क सुरक्षा समितियों की बैठकें भी होंगी।