संभल। संभल जिले में 6 से 10 जनवरी तक सड़क सुरक्षा अभियान के तहत स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम होंगे। एआरटीओ (प्रशासन) का कहना है कि कार्ययोजना तैयार की गई है। जल्द ही जनपदीय सड़क सुरक्षा समिति की डीएम की अध्यक्षता में बैठक होते ही इसे अमली जामा पहनाया जाएगा।
यूं तो लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों की रोकथाम के लिए हर साल राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जाता है। एआरटीओ (प्रशासन) डॉ. पीके सरोज ने बताया कि इस साल सड़क सुरक्षा बढ़ाने और दुर्घटना के बाद लोगों की सहायता करने पर जोर दिया जाएगा। बताया कि सड़क पर चलते समय यातायात के नियमों का पूरा पालन करें। संकेतों में सिग्नल्स, जेब्रा क्रॉसिंग, ट्रैफिक लाइट शामिल हैं। यदि आप बाइक सवार हैं, तो हेलमेट पहनें और गाड़ी चालक हैं तो हमेशा सीट बेल्ट पहनकर रखें। ऐसा करके आप हादसों से काफी दूर रहेंगे।
कोट
हेलमेट, सीट बेल्ट तथा सड़क सुरक्षा के अन्य मानकों को अपनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाकर लोगों को प्रेरित किया जाएगा। स्कूल-कॉलेजों में भी जागरूकता के कार्यक्रम होंगे। कार्ययोजना तैयार है। जनपदीय समिति की बैठक के बाद जल्द इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा।
-डॉ. पीके सरोज, एआरटीओ (प्रशासन)