शहर के पक्का बाग चौराहा पर टूटी सड़क
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। शहर के प्रमुख मार्ग का 50 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। पक्का बाग से अतरासी तिराहा तक की सड़क कई जगहों पर टूट गई है। तारकोल की सड़क गड्ढों में तब्दील है। कई बार हादसे हो चुके हैं। बाइक और ई-रिक्शा वालों की जान जोखिम में हैं। रोजाना हजारों वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं। इसके अलावा यह सड़क बिजनौर होते हुए उत्तराखंड को जोड़ती है। सड़कों के गड्ढे वाहनों के स्पीड में रुकावट बन गए हैं।
पीडब्ल्यूडी के स्वामित्व वाली सड़क शहर के जोया रोड से टीपी नगर चौराहा, दिल्ली गेट, पक्का बाग, अतरासी तिराहा, शाह विलायत दरगाह होते हुए बिजनौर रोड को जाती है। इस मार्ग से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। इस सड़क का लगभग 50 मीटर हिस्सा टूट गया है। सड़क में कई जगहों पर गहरे गड्ढे बन गए है। इससे दो पहिया, ई-रिक्शा के अलावा चार पहिया वालों वाहनों को दिक्कतें हो रही हैं। टीपी नगर और मंडी रोड से आने-जाने वाले वाहन चालक अपने रफ्तार में चलते हैं लेकिन पक्का बाग से अतरासी तिराहा तक की सड़क टूटने से स्पीड को नियंत्रित करने के लिए अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है। जो जोखिम भरा साबित हो रहा है। दरअसल पक्का बाग और मंडी समिति तिराहा से आगे तक की सड़क बेहतर है। इसके चलते कई बार वाहन चालक अच्छे सड़क की उम्मीद में धोखा खा चुके हैं। रविवार को टीपी नगर चौराहे की ओर से आने वाले कई वाहन चालक सड़क में गड्ढे मिलने से घबरा गए। उन्होंने अचानक वाहन की स्पीड को थामने की कोशिश की, गनीमत रही कोई हादसा नहीं हुआ।