अमरोहा कोट चौराहे पर नगर पालिका द्वारा बनाई गई पुलिया।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। कोट चौराहे की पुलिया में नमी मिलने से आवागमन बहाल करने की अवधि एक दिन और बढ़ा दी गई है। पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता और जेई के निरीक्षण में मामला सामने आया है। सब कुछ ठीक रहा तो 12 फरवरी को पुलिया को आवाजाही के लिए खोला जा सकता है। इसके बाद आवाजाही बहाल की जाएगी। फिलहाल दूसरे रास्तों से लोग आ जा रहे हैं।
नगर पालिका की ओर से शहर के कोट चौराहे पर पुलिया बनाई गई है। इस पर लगभग सवा लाख रुपये की लागत आई है। यह 10.5 मीटर लंबा और 1.25 मीटर चौड़ी है। पुलिया दीवार की आरसीसी से ढलाई की गई है। उसकी मोटाई 20 सेंटीमीटर है। निर्माण अनुभाग का दावा है कि पुलिया के रास्ते बारिश का पानी का बहाव तेज होगा। दरअसल बारिश के पानी से शफातपोता, कोट चौराहा, बंगला समेत अन्य इलाके पानी से डूब जाते हैं। पानी की निकासी के लिए कई घंट लग जाते हैं। निर्माण अनुभाग ने 11 फरवरी से आवागमन बहाल करने का दावा किया था। मंगलवार को दोपहर में पीडब्ल्यूडी के एई एसके जैन और जेई पंकज रस्तोगी ने निरीक्षण किया, जिसमें पुलिया के कई हिस्सों में नमी मिली। इसके बाद ट्रैफिक बहाल कराने की कवायद को स्थगित कर दिया। ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी ने बताया कि टेक्निकल टीम ने निरीक्षण किया है। पुलिया की नमी खत्म हो जाएगी। उसके बाद आवाजाही बहाल कर दी जाएगी।