अमरोहा। लगातार दूसरे दिन शनिवार को हुई झमाझम बारिश से शहर की सड़कें तालाब बन गईं। निचले इलाके के मोहल्ले पानी से डूबे रहे। कई क्षेत्रों में घुटनों तक पानी भरा रहा। इस बीच कई जगहों पर बिजली के पोल पानी से डूबने से आपूर्ति रोकनी पड़ी। इसके चलते लोगों की मुश्किलें बढ़ गई। वहीं शाम को कई सड़कों से पानी उतर गया। इसके बाद लोगों को राहत मिली। साप्ताहिक लॉकडाउन से बाजार बंद रहे।
शनिवार को भोर से बारिश होने लगी। सुबह में बूंदाबांदी के बाद तेज बारिश हो गई। इसके साथ ही बारिश की रफ्तार बढ़ने लगी। शहर के इसके चलते शहर के नल, बटवाल, कोट बाजार, शफातपोता, बसावनगंज, बेगम सराय, बड़ा दरबार, दानिशमंदान, नियाजियान, कुरैशी, बाजार रज्जाक, जामा मस्जिद, सराय कोहना, गांधी मूर्ति, आजाद रोड आदि इलाके की सड़कें पानी से डूब गईं। इसके चलते निचले इलाके में स्थित मकान में रहने वालों की दिक्कतें बढ़ गई। कई स्थानों पर घरों में पानी घुस गया। घरों से पानी निकालते ही लोगों का दिन बीता। वहीं साप्ताहिक लॉकडाउन होने से कारोबारी और नौकरीपेशा लोगों को बाहर निकलने की जल्दी नहीं रही। लिहाजा लोगों ने परिवार के साथ समय गुजारा।