गजरौला नेशनल हाईवे पर कांकाठेर गांव के पास रविवार शाम को रांग साइड से आ रही ट्रैक्टर ट्राली ने एसएसबी के डीआईजी की गाड़ी टक्कर मार दी। इसमें पीलीभीत में तैनात डीआईजी की अंबेस्डर क्षतिग्रस्त हो गई। इसमें डीआईजी और कर्मचारी बाल-बाल बचे।
सूचना पर गजरौला थाना और ब्रजघाट चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ट्रैक्टर-ट्राली समेत चालक को कब्जे में लेकर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हादसे के वक्त डीआईजी विभागीय कार्य से पीलीभीत से दिल्ली जा रहे थे।
पीलीभीत में तैनात सीमा सुरक्षा बल (एसएसबी) के डीआईजी एके दास रविवार को अपनी सरकारी अंबेस्डर से दिल्ली जा रहे थे। गाड़ी में डीआईजी पीछे वाली सीट पर बैठे थे। आगे वाली सीट पर चालक कमल कुुमार के साथ हमराह मनोज था।
थाना क्षेत्र की ब्रजघाट चौकी क्षेत्र के गांव कांकाठेर के पास शाम चार बजे बस को ओवरटेक करने के दौरान अचानक रॉंग साइड से आई ट्रैक्टर-ट्राली साइड से अंबेस्डर से टकरा गई। इसमें सरकारी वाहन की एक साइड की अगली खिड़की क्षतिग्रस्त हो गई।
गनीमत रही कार में मौजूद डीआईजी और अन्य कर्मचारियों को चोट नहीं आई। सूचना पर थाना और ब्रजघाट पुलिस पहुंची, सीओ इंस्पेक्टर सिंह भी पहुंच गए। ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। एसएसआई संजय चंचल ने बताया कि डीआईजी के चालक कमल कुमार की ओर से ट्रैक्टर चालक सुरेंद्र सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।