अमरोहा। समीक्षा अधिकारी व सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ-एआरओ) परीक्षा रविवार को जिले में 24 केंद्रों पर होगी। इन पर 10872 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा कड़ी सुरक्षा निगरानी में आयोजित होगी। सघन तलाशी ओर बॉयोमीट्रिक प्रक्रिया से गुजरने के बाद ही परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश मिलेगा।
हर केंद्र पर एक सेक्टर और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। डीआईओएस डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। सुबह निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू होगी। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में आयोजित होगी। बताया कि परीक्षा के लिए कुल 1336 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। इसमें हर केंद्र पर 50 फीसदी कक्ष निरीक्षक बाहरी तैनात रहेंगे।
परीक्षा के नोडल एडीएम वित्त व राजस्व ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बॉयोमीट्रिक प्रक्रिया से बाद ही अभ्यर्थियों को केंद्र पर प्रवेश मिलेगा। केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में आने वाली फोटो स्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। केंद्र पर किसी भी तरह का इलेक्ट्रॉनिक गेजेट ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा का आयोजन एक ही पाली के सुबह 9:30 बजे से किया जाएगा। परीक्षा का आयोजन कड़ी निगरानी में होगा। इसके लिए हर केंद्र पर एक सेक्टर और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।
इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अमरोहा, राजकीय इंटर कॉलेज अमरोहा, जेएसएच इंटर कॉलेज, आईएम इंटर कॉलेज, कुंदन मॉडल इंटर कॉलेज, एकेके इंटर कॉलेज, जेएसएच पीजी कॉलेज ब्लॉक ए व बी, सिख इंटर कॉलेज नारंगपुर, शिव इंटर कॉलेज गजरौला, ज्ञान भारती इंटर कॉलेज गजरौला, रमाबाई आंबेडकर डिग्री कॉलेज अमरोहा, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज धनौरा, श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज धनौरा, श्रीराम किसान इंटर कॉलेज बादशाहपुर, नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज रजबपुर, तुर्की इंटर कॉलेज पलौला, किसान इंटर कॉलेज ताहरपुर, भगवत शरण इंटर कॉलेज जोया, एएसएम मॉडर्न एकेडमी जोया, ब्लू बर्ड्स इंटरनेशनल स्कूल धनौरा, देहली पब्लिक स्कूल अमरोहा, ग्लोबल पब्लिक स्कूल धनौरा व हिल्टन कॉन्वेंट स्कूल अमरोहा को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
वर्जन
- आज होने वाली परीक्षा के सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। आयोग से मिले निर्देशों से सभी केंद्रों को अवगत करा दिया गया है। परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा। - डॉ. प्रवेश कुमार, डीआईओएस
-
अभ्यर्थियों के लिए पानी का इंतजाम करेगी पालिका
गजरौला। आरओ-एआरओ परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए पानी का इंतजाम नगर पालिका करेगी। नगर के तीनों केंद्रों पर पानी का एक-एक टैंक खड़ा किया जाएगा। रविवार को आरओ-एआरओ की परीक्षा की जाएगी। गजरौला में रमाबाई आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, शिव इंटर कॉलेज व ज्ञान भारती इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को पीने के पानी की दिक्कत का सामना न करना पड़े, इसके लिए पालिका तीनों केंद्रों पर एक-एक टैंक खड़ा कराएगी। ईओ ललित कुमार आर्य ने बताया कि परीक्षा केंद्र शिव इंटर कॉलेज में शौचालय के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उसमें मोबाइल शौचालय का इंतजाम पालिका द्वारा किया जा रहा है। संवाद