अमरोहा। युवक की आत्महत्या के मामले में पत्नी व साले समेत छह लोगों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमरोहा देहात क्षेत्र के गांव मालीखेड़ा निवासी सुनील कुमार ने शनिवार-रविवार रात घर में ही फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों के अनुसार सुनील कुमार की पत्नी मंजू से अनबन चल रही थी। आत्महत्या करने से पहले सुनील ने सुसाइट नोट छोड़ा था। जिसमें उसने अपनी माैत का जिम्मेदार पत्नी मंजू, साले बच्चन व चार अन्य को जिम्मेदार ठहराया था। सुसाइड नोट के आधार पर मृतक के पिता जसराम ने थाने पहुंचकर तहरीर दी थी।
सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि मामले में मृतक की पत्नी मंजू के अलावा गजरौला थाना क्षेत्र के गांव दुभारिया के रहने वाले बच्चन सिंह, नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कुरैशी के शिवम व उसकी पत्नी मधु तथा गांव मालीखेड़ा के रहने वाले राजकुमार व जीतू के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सुसाइड नोट की जांच की जा रही है। जांच उपरांत अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।