हसनपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव में विवाहिता की मौत के मामले में पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सोमवार शाम को विवाहिता का शव घर में ही फंदे पर लटका मिला था। देर रात पहुंचे मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई आरोपी फरार हैं।
संभल के धनारी थाना क्षेत्र के गांव माकनपुर निवासी करण सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि करीब ढाई वर्ष पूर्व बेटी दानवती की शादी गांव करनखाल निवासी राहुल के साथ की थी। शुरू से ही बेटी को दहेज के लिए ससुराल वाले प्रताड़ित करने लगे थे। कई बार मारपीट कर घर से भी निकाल दिया। सोमवार शाम को दहेज में 50 हजार रुपये की मांग के लिए बेटी तो मार कर फंदे पर लटका दिया और इसकी सूचना भी नहीं दी। पड़ोसियों से सूचना के बाद मिलने देर रात मौके पर पहुंचे। इस दौरान मायके वालों ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग को जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। एसएसआई संजय कुमार ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति राहुल, सास दननी और ससुर हरपाल के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी अभी फरार हैं। दबिश दी जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।