रिहान की हत्या की जानकारी होने पर बिलखती हुई मां नजराना
- फोटो : DHANAURA
मंडी धनौरा (अमरोहा)। एक साल के मासूम की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। रिपोर्ट आरोपी के पिता ने दर्ज कराई है। रिपोर्ट में इस बात का उल्लेख किया गया है कि बच्चे को बेचने की कोशिश में विफल रहने के बाद उसने उसकी हत्या की है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है कि मासूम की हत्या मुंह और नाक दबाकर की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक दम घुटने की वजह से बच्चे की मौत हुई है।
मंडी समिति रोड पर रहने वाला नौशाद मजदूरी करता है। मंगलवार की दोपहर बाद उसके एक साल के बेटे रिहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उसकी पत्नी नजराना का आरोप है कि बेटे की हत्या उसके शौहर नौशाद ने ही की है। नजराना का आरोप था कि घर की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए नौशाद बच्चे को तीन लाख रुपये में बेचने की कोशिश कर रहा था। वह इसका विरोध करती थी। नजराना का आरोप है कि विरोध करने पर नौशाद आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। मंगलवार की दोपहर बाद वह पड़ोस के घर से मोबाइल लेने गई थी। नजराना ने बताया कि उसने आकर देखा तो नौशाद अपने बेटे रिहान का मुंह व नाक दबा रहा था। उसका बेटा खाट पर बेसुध पड़ा हुआ था। वह उसे फौरन डाक्टर के पास ले गई। उसने बेटे को मृत घोषित कर दिया। मृतक के दादा शमशाद ने पुलिस को आवेदन देकर अपने पोते की संदिग्ध मौत होने का हवाला देते हुए पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया था। सीओ सत्येंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक दम घुटने से बच्चे की मौत हुई है। इस मामले में शमशाद की तहरीर के आधार पर नौशाद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
पुलिस की पूछताछ में नौशाद ने पत्नी पर लगाया आरोप
मंडी धनौरा। नौशाद पर अपने पर बच्चे की हत्या आरोप लगने के बाद पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो उसने अपनी पत्नी पर आरोप लगा दिया। नौशाद ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी नेपाल की रहने वाली है। उसकी पत्नी उस पर अमरोहा में ही रहने का दबाव बना रही थी। उसके मना करने पर वह रिहान की हत्या का आरोप लगाकर उसे जेल भेजना चाहती है। जबकि उसकी पत्नी का आरोप है कि वह बच्चे को बेचना चाहता था।
कहीं साजिश के तहत तो पत्नी को नहीं भेजा था मोबाइल लाने
मंडी धनौरा। नौशाद ने मंगलवार को अपनी पत्नी को पड़ोस के घर से मोबाइल लाने के लिए भेज दिया था। नजराना ने बताया कि वह मोबाइल लेकर शीघ्र ही वापस आ गई। उसने देखा तो नौशाद उसके बेटे रिहान का मुंह व नाक दबा रहा था। शोर मचाने पर वह रिहान को पानी पिलाने का बहाना बनाने लगा। नजराना बताया कि उसका शौहर उसके बेटे के साथ कुछ गलत कर सकता है। इसीलिए वह बेहद शीघ्रता से वापस आ गई थी।