अमरोहा। दहेज की मांग पूरी न होने पर दूल्हे के पक्ष ने बरात लाने से इन्कार कर दिया। 24 जून की शादी थी। दुल्हन पक्ष ने सभी इंतजाम कर रखे थे। अचानक दूल्हे पक्ष के इस फैसले से नाराज दुल्हन वालों ने दूल्हे समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
देहात थाना क्षेत्र के गांव डाईडेरा में साबिर का परिवार रहता है। कर्नाटक में कारोबार साबिर अली ने तीन महीने पहले अपनी बेटी मुस्कान का रिश्ता मुरादाबाद जिले के छजलैट थाना क्षेत्र के गांव जमालपुर निवासी मोनिस अली के साथ किया था। मोनिस दुबई में नौकरी करता है। परिजनों ने उसकी गैर मौजूदगी में मुस्कान को अपनाकर शादी के लिए 24 जून की तारीख तय कर दी थी। मोनिस को ईद पर घर वापस लौटना था। साबिर का आरोप है कि उन्होंने रिश्ते के वक्त सोने-चांदी के जेवरात व अन्य सामान के अलावा 2.86 लाख रुपये का लेनदेन किया, लेकिन इसके बाद लड़के पक्ष के लोगों ने दहेज में दस लाख रुपये और चार पहिया वाहन देने की मांग की। असमर्थता जताने पर बरात लाने से इनकार करते हुए रिश्ता तोड़ दिया।
आरोप है कि मोनिस के भाई दानिश व बहनोई इंतजार निवासी गांव तेलीपुरा माफी ने साथियों के साथ मिलकर घर में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ की। पंचायत में मामला हल नहीं होने पर साबिर ने महिला थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीओ अंजलि कटारिया ने मोनिस, दानिश व इंतजार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।