अमरोहा। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के आगमन पर सब कुछ ओके दिखाने में अफसर जुट गए हैं। वह 19 फरवरी को जिले में आएंगी। विकास भवन से लेकर संभावित कार्यक्रम स्थल तक माथापच्ची की गई। अफसरों ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की। विकास कार्यों के बिंदुओं पर अधीनस्थों से विचार विमर्श किया।
केंद्रीय योजना की समीक्षा समेत अन्य कार्यों की हकीकत से राज्यपाल आनंदी बेन पटेल रू-ब-रू होंगी। एडीएम वित्त और राजस्व गुलाब चंद ने बान नदी पर विकास कार्यों की प्रगति के बारे में जाना। विकास भवन में डीडीओ प्रदीप यादव चुनिंदा कार्यक्रमों के बारे में बुकलेट तैयार करने में जुटे रहे। इसके अलावा उपायुक्त मनरेगा मिथिलेश तिवारी ने स्वयं सहायता समूह की ब्लॉकवार प्रगति की रिपोर्ट तैयार की। इसके अलावा एलडीएम प्रशांत कुमार ने किसान बीमा के बारे में रिपोर्ट तैयार करने के लिए माथापच्ची की। उन्होंने संबंधित बीमा कंपनी से किसानों को क्षतिपूर्ति के बारे में जानकारी मांगा।
आगमन के मद्देनजर तैयारी की जा रही है। विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है। योजना की रिपोर्ट जल्द तैयार हो जाएगी। राज्यपाल के समक्ष प्रजेंटेशन होना है। - गुलाब चंद्र, एडीएम वित्त और राजस्व