फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Amroha News: जन्मदिन की पार्टी करने झांसा देकर अनीता को गवां ले गया था राजू

विज्ञापन
विज्ञापन
आदमपुर (अमरोहा)। अनीता हत्याकांड में पुलिस ने सोमवार को आरोपी पति नेमपाल और उसके भांजे राजू सैनी को न्यायालय में पेश किया। यहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई हथौड़ी और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक राजू जन्मदिन की पार्टी में शामिल कराने का बहाना बनाकर अनीता को गजरौला चौपला से बाइक पर बैठाकर गवां ले गया था। परिवार को राजू पर भरोसा था, लेकिन इसी विश्वास का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
विज्ञापन

सीओ पंकज त्यागी ने बताया कि सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव चकूनी निवासी नेमपाल ने अपनी पत्नी अनीता (40) की हत्या की साजिश अपने भांजे राजू सैनी के साथ मिलकर रची थी। बताया गया कि नेमपाल ने अनीता को छोड़ दिया था, जिसके बाद वह अपनी तीन बेटियों के साथ गजरौला में रहने लगी थी। एक बेटा नेमपाल के साथ रहता था। नेमपाल को शक था कि उसकी पत्नी के भांजे राजू के साथ संबंध हैं। इसी शक और विवाद के चलते दोनों ने अनीता को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
सीओ ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के अनुसार पांच नवंबर की शाम राजू अनीता को गजरौला चौपला से अपनी बाइक पर बैठाकर गवां स्थित अपने घर ले गया था। उसने अनीता से कहा था कि उसका जन्मदिन है और उसे कार्यक्रम में शामिल होना है। जन्मदिन के बहाने अनीता को मौत के जाल में फंसाया गया। आरोप है कि पांच नवंबर की रात को नेमपाल और राजू ने हथौड़ी से अनीता के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर उसकी हत्या कर दी थी। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए घर के पीछे खेत में करीब छह फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव दबा दिया। 11 नवंबर को अनीता के भाई मानू सिंह ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों आरोपी मामा-भांजे की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी और बाइक बरामद कर ली। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
विज्ञापन




बिना कपड़ों के मिला था शव, हत्या से पहले क्रूरता का आरोप
आदमपुर। अनीता का शव घर से सटे खेत में करीब छह फीट गहरे गड्ढे में दबाया गया था। रविवार को पुलिस ने खुदाई कर शव बाहर निकाला तो उसकी हालत देखकर परिजन भी सहम गए। अनीता के शरीर पर कपड़े नहीं थे। भाई मानू ने आरोप लगाया कि हत्या से पहले बहन के साथ बर्बरता की गई थी। सिर पर हथौड़ी से वार करने के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान थे। हालांकि, घटना से जुड़े इन आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से होना बाकी है।

रात आठ बजे तक बच्चों से हुई थी अनीता की बात, फिर बंद हो गया मोबाइल
आदमपुर। अनीता के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा है। बेटा पिता नेमपाल के साथ रहता था, जबकि तीनों बेटियों की परवरिश अनीता कर रही थी। तीन नवंबर को अनीता अपनी बेटियों के साथ मायके पहुंची थी। वहां से उसकी बड़ी बेटी रिश्तेदारी में चली गई, जबकि दो बेटियां घर पर ही रह गई थीं। पांच नवंबर की रात करीब आठ बजे तक अनीता की बच्चों से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल अचानक बंद हो गया। मां के गजरौला स्थित घर नहीं पहुंचने पर 17 वर्षीय बड़ी बेटी चांदनी ने अपने मामा मानू सिंह को फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने अनीता की तलाश शुरू की थी। संवाद
-
भाई के शक और सुरागकशी से बेनकाब हुई हत्या की साजिश
आदमपुर। अनीता के मोबाइल की आखिरी लोकेशन आरोपी राजू के घर के आसपास मिलने के बाद उसके भाई मानू सिंह का शक गहरा गया था। उसे राजू की भूमिका संदिग्ध लगने लगी थी। इसके बाद मानू ने खुद भी राजू की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी। मोबाइल लोकेशन से मिले सुराग और भाई की लगातार की गई पड़ताल ने मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाई। परिजनों की तलाश और पुलिस की जांच के बाद आखिरकार अनीता की हत्या की साजिश बेनकाब हो गई। संवाद

शव दबाने के लिए खोदे गड्ढे को लेकर राजू ने बोला था सफेद झूठ
आदमपुर। अनीता का शव जिस गड्ढे में दबाकर छिपाया गया था, उसे उसके भाई मानू सिंह ने पहले ही देख लिया था। मानू ने जब राजू से गड्ढा खोदने की वजह पूछी और यह जानना चाहा कि उसे बाद में क्यों बंद कर दिया गया, तो राजू ने बड़ी चालाकी से उसे गुमराह किया। उसने सफाई दी कि घर के गंदे पानी की निकासी के लिए गड्ढा खोदा गया था। उसने यह भी बताया कि घर का गंदा पानी उसी के पास गिरता है। राजू की इस बात पर उस समय मानू को शक नहीं हुआ, लेकिन बाद में उसी गड्ढे से अनीता का शव बरामद होने पर उसकी साजिश सामने आ गई। संवाद
विज्ञापन

-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें