अमरोहा। सुबह में झमाझम बारिश का असर शाम तक देखने को मिला। शहर के कई मोहल्ले और बाजारों के मुख्य मार्ग पर पानी भर गया। साइकिल और बाइक सवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों ने दूसरे रास्ते से दूरी तय की है।
शहर में जल निकासी के ठोस इंतजाम पर पहल नहीं हो रही है। इसके चलते लोगों की मुश्किलें बरकरार है। शुक्रवार को सुबह में मौसम ने यू टर्न लिया। आसमान में काले बादल छा गए। सुबह लगभग आठ बजे बूंदाबांदी शुरू हो गई। कुछ देर के बाद झमाझम बारिश होने लगी। काम काज के सिलसिले में बाहर निकलने की तैयारी में जुटे लोगों के कदम ठिठक गए। लगभग दो घंटे के बाद बारिश का सिलसिला थमा। बारिश के चलते शहर के निचले इलाके पानी से डूब गई। आजाद रोड, शफातपोता, नल मोहल्ला, सराय कोहना, बड़ा दरबार, मंडी चौक, छंगा दरवाजा, अफगानान, बाजार रज्जाक, तलवार शाह आदि मोहल्ले की सड़कें तालाब बन गई। लोगों को आवाजाही में दिक्कत होने लगी। शुक्रवार को शाम चार बजे तक जेएस हिंदू कॉलेज के सामने की रोड पानी से डूबी रही। साइकिल और बाइक सवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पैदल गुजरने वाले लोग दूसरे रास्ते से होकर दूरी तय किए।