हसनपुर गजरौला मार्ग पर बारिश के बाद पसरी कीचड़ से गुजरते वाहन।
- फोटो : GAJRAULA
हसनपुर/गजरौला (अमरोहा)। शनिवार देर रात हुई बेमौसम बारिश की वजह से निर्माणाधीन और टूटे-फूटे पड़े हसनपुर-गजरौला मार्ग पर बुरी तरह से कीचड़ पसरी हुई है। कई जगह जलभराव की स्थिति भी है। जिससे आवागमन में बहुत दिक्कत हो रही है। दो पहिया वाहन चालकों को सफर करना दूभर हो गया है।
बताते हैं कि हसनपुर से गजरौला से दूरी करीब 13 किलोमीटर है। लंबे अरसे से यह मार्ग गड्ढों में तब्दील है। अब इस मार्ग पर चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। तेरह किलोमीटर के मार्ग में तीन स्थानों पर दो-दो किलोमीटर के टुकड़ों में पुरानी सड़क को पूरी तरह से उधेड़कर समतल किया गया है, ताकि नई सड़क बनाई जा सके। कई स्थानों पर पुलिया का निर्माण भी चल रहा है। शनिवार रात को हुई बेमौसम बारिश की वजह से मार्ग पर बुरी तरह कीचड़ हो गई है। भारी वाहनों के टायर कीचड़ में काफी नीचे तक धंसकर चल रहे हैं, उधर, बाइक सवारों का तो बुरा हाल है। थोड़ी सी गति तेज करने पर बाइक फिसल रही हैं। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी है। जिसकी वजह से आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। लोगों का कहना है कि चौड़ीकरण का कार्य बहुत धीमी गति से किया जा रहा है। यदि इसमें तेजी लाई जाए तो शीघ्र ही समस्या का निराकरण हो सकता है। उधर, रहरा मार्ग पर गांव रूस्तमपुर में सड़क टूट जाने पर उसमें पानी भर गया है। यहां से भी राहगीरों को गुजरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।