भारी बारिश व हवाओं से गन्ने की फसल ढह गई
- फोटो : DHANAURA
मंडी धनौरा (अमरोहा)। बेेमौसम बारिश सरसों, गेहूं, गन्ना और आलू आदि की फसलों पर कहर बनकर पड़ी है। तेज हवाओं के साथ बारिश ने सभी फसलों को नुकसान पहुंचाया है। किसान अपनी फसलों की हालत देखकर सिर पकड़ कर बैठे हैं। उन्हें फसलों पर लगाई लागत डूबती नजर आ रही है।
गुरुवार की रात से शुरू हुई बारिश ने क्षेत्र में फसलों को चौपट कर दिया है। सरसों, गेहूं, गन्ने और आलू की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। गांव आजमपुर निवासी आत्माराम सैनी का कहना था कि कर्ज लेकर आलू का 1500 रुपये कुंटल का बीज लेकर फसल बोई थी लेकिन बारिश ने आलू की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। कई गांवों में गन्ने की फसल ढह गई है। ग्राम लाडनपुर के मुकेश यादव का कहना था कि मटर की फसल लगाई थी लेकिन बारिश ने मटर की फसल को भी बरबाद कर दिया है। फिलहाल गेहूं की फसल की बुवाई चल रही थी। बारिश की वजह से फसल प्रभावित हो रही है। फतहउल्लापुर के जनम सिंह भी गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचने की बात बता रहे हैं।