अमरोहा/नौगांवा सादात। तेज हवाओं के साथ बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की फसलों को बर्बाद कर दिया है। गेहूं और सरसों की फसल तबाह होने की कगार पर है।
जिलों में पिछले दो दिन से मौसम के मिजाज में बदलाव हुआ है। कभी तेज धूप तो कभी आसमान में बादल छाए रहे। शुक्रवार को दिनभर रूक-रूक कर बेमौसम बरसात होती रही। नौगांवा सादात समेत कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि हुई। जिससे गेहूं और सरसों की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं लगातार बारिश गिरने से आम की फसल को बड़ी तादात में नुकसान होने की संभावना बनी हुई है। आलू और अन्य सब्जियों को भी बड़े पैमाने पर क्षति हुई है। किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई दे रही हैं। देर शाम अमरोहा शहर में भी झमाझम बारिश हुई। इससे पहले दिनभर आसमान में घने काले बादल छाए रहे। शाम के समय आसमान में रंग बिरंगे इंद्रधनुष दिखाई दिए। इसके अलावा दिनभर सूर्यदेव बादलों के बीच अठखेलियां करते दिखाई दिए।