अमरोहा। उर्वरक के दुकानों में गुरुवार को छापे मारे गए। विभिन्न जगहों की दुकानों से उर्वरक के 13 नमूने लिए गए। उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है। जांच टीम को देेख कर एक दुकानदार शटर डाउन कर भाग निकला। उसे नोटिस जारी किया गया है। अधोमानक मिलने पर उर्वरक विक्रेता और दुकान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
डीएम उमेश मिश्र ने गुरुवार को अधिकारियों को विभिन्न तहसीलों में स्थित उर्वरक की दुकानों में छापे मारने के निर्देश दिए। भूमि संरक्षण अधिकारी अवधेश यादव को हसनपुर में भेजा। धनौरा में उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी राजेंद्र पाल सिंह ने जांच किया। इसके अलावा डिप्टी कलक्टर अशोक शर्मा और जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार को अमरोहा और नौगांवा सादात तहसील क्षेत्र की दुुकानों के उर्वरक की जांच के लिए निर्देेश दिया। छापे की कार्रवाई के दौरान उर्वरक के 13 नमूने लिए गए। जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार ने बताया कि उर्वरक की 35 दुकानों में कार्रवाई की गई, जिसमें 13 उर्वरक के नमूने लिए गए, जिन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है। तीन दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जिनमें एग्री जंक्शन अंतरासी के अभिलेख पूर्ण नहीं थे और सादिक बीज भंडार कुआं खेड़ा जबकि औद्यानिक उत्पादन और विपणन सहकारी समिति मंडी समिति धनौरा के दुकानदार ने शटर डाउन कर गायब हो गया। इसके चलते जवाब तलब किया गया है।