हसनपुर(अमरोहा)। क्षेत्र के गांव लठीरा में पागल कुत्ते के काटने से गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग बाबूराम (60) की सोमवार दोपहर इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
बताते हैं कि 15 जुलाई को रास्ते में एक पागल कुत्ते ने बाबूराम पर हमला कर दिया था। कुत्ते ने उनके चेहरे, सिर, बाजू और टांगों पर गहरे जख्म कर दिए थे। परिजन उन्हें तुरंत सीएचसी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार और एंटी-रैबीज वैक्सीन लगाने के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में उन्हें दिल्ली भी ले जाया गया।
मृतक के बेटे परवीन ने बताया कि शनिवार से उनके पिता को दौरे पड़ने शुरू हो गए थे और वे पानी देखकर डरने लगे थे। सोमवार दोपहर बाद उनकी मौत हो गई। बेटे का आरोप है कि बाबूराम को एंटी-रैबीज की चार डोज नियमानुसार लगवाई जा चुकी थीं। पांचवीं डोज 13 अगस्त को लगनी थी, लेकिन इससे पहले ही संक्रमण फैलने से उनकी जान चली गई।
परिजनों ने सोमवार को सीएचसी पहुंचकर शिकायत भी दर्ज कराई। मृतक अपने पीछे चार बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. ध्रुवेंद्र सिंह का कहना है कि एंटी रेबीज की नियमानुसार डोज लगाई गईं थीं। बुजुर्ग की मौत की जानकारी मिल रही है। इसकी जांच कराई जाएगी।
कई लोगों पर किया था पागल कुत्ते ने हमला
हसनपुर। जिस पागल कुत्ते के हमले की वजह से बुजुर्ग की मौत हो गई है। उस कुत्ते ने उस दिन कई लोगों को काटा था। इनमें दहशत बनी हुई है। 15 जुलाई की दोपहर को क्षेत्र के गांव बाईखेड़ा मिलक में किसान जयपाल सिंह के घर उनके परिवार के लोग बैठे हुए थे। इसी दौरान एक पागल कुत्ता उनके घर में घुस गया। इस दौरान कुत्ते ने जयपाल, ओमवती, जगवती, जगदीश व मासूम बच्ची राधिका पर हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया था। ग्रामीणों ने किसी तरह से कुत्ते को लाठी-डंडों से दौड़ाया था। इसके बाद कुत्ता गांव लठीरा की दिशा में भागने लगा था। रास्ते में जा रहे गांव लठीरा निवासी बाबूराम पर भी कुत्ते ने हमला कर घायल कर दिया था। इनमें बाबूराम की मौत हो गई है। अन्य घायलों को चिंता सता रही है। हालांकि वह नियमानुसार एंटी रैबीज की डोज ले रहे हैं।