कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गजरौला मार्ग से सेंट्रो कार से 1080 पव्वे पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब बरामद की। इसके साथ ही कार से 100 लीटर अल्कोहल, 50 लीटर अल्कोहल का मिश्रण, एक बोरी में खाली प्लास्टिक के पव्वे, ढक्कन, 25 गत्ते पैकिंग करने वाले एवं एक बाल्टी और एक मग बरामद किया। इसके साथ ही दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पकड़े गए आरोपी धनौरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों पूर्व में भी अवैध शराब के मामले में पकड़े जा चुके हैं।
रविवार तड़के मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गजरौला की दिशा से एक सेंट्रो कार हसनपुर की दिशा में आ रही है। जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब एवं अल्कोहल है। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक पीके चौहान, एसआई लवनीश चौधरी, एसआई संत कुमार, एसआई नरेशपाल सिंह, सिपाही अरुण कुमार, सिपाही लाल सिंह, सिपाही मोनू कुमार एवं सिपाही काला सिंह की टीम गजरौला मार्ग पर पहुंची। यहां गांव सिहाली जागीर के नजदीक गौरव नर्सरी के पास से सेंट्रो कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। कोतवाल पीक चौहान ने बताया कि कार से 24 पेटी, जिसमें 1080 पव्वे अंग्रेजी पंजाब मार्का शराब, सौ लीटर अल्कोहल, पचास लीटर पानी एवं पचास लीटर एल्कोहल का मिश्रण, एक बोरे में खाली प्लास्टिक के करीब पांच सौ पव्वे एवं ढक्कन, पच्चीस गत्ते पैकिंग करने वाले, एक प्लास्टिक की बाल्टी एवं मग बरामद हुआ। मौके से जाबेद निवासी गांव हैबतपुर थाना मंडी धनौरा एवं रवि सैनी निवासी गांव हैबतपुर थाना मंडी धनौरा को गिरफ्तार किया। जावेद पर पहले से ही आबकारी अधिनियम के सात मामले पंजीकृत हैं। जबकि रवि सैनी पर पहले तीन मामले पंजीकृत हैं।
पुलिस ने सेंट्रों कार से गिरफ्तार किए आरोपी जावेद से पूछताछ की। एसआई लवनीश कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह विधानसभा चुनाव में शराब खपाने के लिए पंजाब मार्का शराब लाए थे और इसके अलावा भी कार में ही शराब के पव्वे तैयार किए जा रहे थे। जंगल में एकांत जगह पर कार को रोककर पानी, एल्कोहल को मिलाकर शराब के पव्वे तैयार करते थे।