अमरोहा/हसनपुर/गजरौला। उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के बाद अमरोहा में हाईअलर्ट रहा। जुमे की नमाज कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच अदा की गई। शहर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस फोर्स तैनात रही। छतों से निगरानी रखी गई। डीएम और एसपी शहर में गश्त पर रहे। एसडीएम, सीओ और इंस्पेक्टर जामा मस्जिद पर मुस्तैद रहे। लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई।
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में पिछले तीन दिनों तक देश की राजधानी दिल्ली में जमकर हिंसा हुई है। उपद्रवियों ने घरों आदि में आग लगा दी। अब तक करीब 41 लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली हिंसा की चिंगारी अमरोहा के अमन को पलीता न लगा दे। इसके लिए प्रशासन ने पहले से ही जिले को हाईअलर्ट पर रखा है। इससे पहले 20 दिसंबर को सीएए की आग में अमरोहा भी झुलसा उठा था। उपद्रवियों ने जमकर बवाल काटा था। शहर के कोट चौराहे समेत छह स्थानों पर बवाल किया था। ऐसी घटना दोबारा न हो इसके लिए जिला प्रशासन ने जुमे की नमाज पर कड़ी नजर रखी। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा-व्यवस्था के खासे इंतजाम कर रखे हैं। जामा मस्जिद समेत शहर की छोटी-बड़ी सभी मस्जिदों के बाहर पुलिस फोर्स तैनात रही। संवेदनशील गली-मोहल्लों में पुलिस मुस्तैद दिखी। जबकि डीएम उमेश मिश्र और एसपी डॉ विपिन ताडा फोर्स के साथ शहर में गश्त करते दिखे। वहीं, एसडीएम विवेक यादव, सीओ अजय कुमार और इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह की मौजूदगी में जामा मस्जिद पर जुमे की नजाम अदा हुई। सुरक्षा के लिहाजा से यही हाल गजरौला, अमरोहा देहात, डिडौली, रजबपुर थानाक्षेत्र के भी रहा। हसनपुर में अपर जिलाधिकारी गुलाबचंद और अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप सिंह ने पुलिस टीम के साथ नगर में संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण किया। लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। गजरौला में चौपला पुलिस चौकी, हाईवे और जामा मस्जिद के आगे पुलिस फोर्स तैनात रही। मस्जिदों में जुमे की नमाज के दौरान भी सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। इंस्पेक्टर ने बताया कि थाना क्षेत्र में कहीं से किसी घटना की सूचना नहीं है।
नौगांवा भी पहुंचा डीएम-एसपी का काफिला
नौगांवा सादात। जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए डीएम और एसपी शुक्रवार को नौगांवा सादात भी पहुंचे। यहां डीएम-एसपी ने गाड़ियों के साथ मार्च किया। लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। इस दौरान एसडीएम इंद्र नंदन सिंह, तहसीलदार मोनालिसा जौहरी, अधिशासी अभियंता नलकूप उमेश चंद, कोतवाल अजय कुमार सिंह, संदीप कुमार, मौलाना मुफ्ती अब्दुल रहमान आदि रहे। संवाद
फोटो
सुरक्षा के बीच जुमे की नमाज अदा
बछरायूं में पीएसी और फायर ब्रिगेड भी तैनात रही
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी धनौरा/बछरायूं। उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के चलते नगर में जुमे की नमाज के दौरान पुलिस चौकस रही। सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए। बछरायूं में हर तरह की स्थिति से निपटने के लिए पीएसी और फायर बिग्रेड भी तैनात की गई थी। बछरायूं में मस्जिदों के आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। अमन के साथ जुमे की नमाज अदा हेने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। वहीं धनौरा में पुलिस ने पैदल मार्च किया। बता दें कि दिल्ली हिंसा में क्षेत्र के चांद मौहम्मद की मौत के बाद पुलिस प्रशासन बेहद अलर्ट था। गुरुवार की रात को ही एसडीएम ने जामा मस्जिद के इमाम समेत अन्य जिम्मेदार लोगों की बैठक बुलाकर शांति बनाए रखने की अपील की थी। शुक्रवार को नगर के मुख्य चौराहे पर भारी संख्या में पुलिस बल और पीएसी तैनात की गई थी। पुलिस ने दो कैमरे भी लगवाए थे। कैमरों की सहायता से भी लोगों पर नजर रखी जा रही थी। एसडीएम शशांक चौधरी, सीओ मोनिका यादव, प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह आदि मौजूद थे। धनौरा में भी होली पार्क पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।