अमरोहा। जिले की 91 ग्राम पंचायतों में नए विकास कार्य कराने की तैयारी है। इन पंचायतों से प्रस्ताव मिल चुके हैं, जिन्हें अनुमोदन के लिए डीएम के पास भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद गांवों में इंटरलॉकिंग, नाली निर्माण समेत अन्य जरूरी कार्य कराए जाएंगे।
ग्राम प्रधानों के प्रशासक बनने के बाद नए विकास कार्यों के लिए डीएम की अनुमति अनिवार्य कर दी गई है। इससे पहले 60 ग्राम पंचायतों से 200 कार्यों के प्रस्ताव मिले थे, जिन्हें डीएम ने मंजूरी दे दी है। इन कार्यों पर 1.15 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
जिला पंचायत राज अधिकारी कई बार ग्राम पंचायतों से प्रस्ताव मांग चुके हैं, लेकिन प्रस्ताव तैयार करने की गति धीमी होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अब 91 पंचायतों से मिले नए प्रस्तावों को स्वीकृति के लिए भेजा जा रहा है। सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रस्ताव डीएम की मंजूरी के लिए भेजे जा रहे हैं। स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित गांवों में काम शुरू कराया जाएगा।