अमरोहा में घर से निकले प्रॉपर्टी कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारों ने उनके शरीर में तीन गोली दागकर मौत के घाट उतार दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। एसपी और एएसपी ने भी मौका मुआयना किया।
डॉग स्क्वायड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल पर सबूत जुटाए। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्याकांड के पीछे प्रोपर्टी विवाद का मामला सामने आ रहा है।
हत्याकांड की यह वारदात अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तकिया मोती शाह की है। मोहल्ला कटरा गुलाम अली में किसान हरिचंद सैनी (58) का परिवार रहता है। वह प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त का काम भी करते थे। उनके परिवार में पत्नी ओमवती के अलावा पांच बच्चे हैं। जिसमें चार बेटी और एक बेटा हैं।
वर्तमान में मोहल्ला तकिया मोती शाह व जयओम क्षेत्र में प्रॉपर्टी कारोबार चल रहा है। परिजनों के मुताबिक हरिचंद रविवार की शाम करीब पांच बजे एक पूर्व सभासद के साथ किसी कलुआ के घर जाने की बात कहकर निकले थे। देर रात करीब 8:30 बजे छोटी बेटी रेखा से फोन पर उनकी बात हुई थी। इस दौरान उन्होंने जल्द ही घर आने की बात कही थी। लेकिन वह घर नहीं लौटे, बाद में फोन भी रिसीव नहीं हुआ।
लिहाजा परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। आधी रात के समय प्रॉपर्टी कारोबारी का शव मोहल्ला तकिया मोती शाह में ब्रिटिश स्कूल के पीछे कच्चे रास्ते पर पड़ा मिला। हत्यारोपियों ने उनके सीने और पेट पर तीन गोली मारी थीं। कारोबारी की हत्या की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।
एसपी सुनीति, एएसपी अजय प्रताप सिंह ने घटनास्थल का मुआयना किया और परिजनों से पूछताछ की। वही, डॉग स्क्वाड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए। एसपी ने तीन टीमें गठित कर तुरंत हत्याकांड के खुलासे के निर्देश दिए हैं। इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया में हत्याकांड के पीछे प्रॉपर्टी विवाद सामने आ रहा है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।