मोहल्ला गांधी नगर में बस स्टैंड के पास अवैध रूप से संचालित कोहिनूर अस्पताल को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सील कर दिया। वहीं, सील की कार्रवाई से अन्य झोलाछाप भी अपनी अवैध क्लीनिकों का शटर डालकर रफूचक्कर हो गए। इस दौरान उपचार कराती हुई मिली महिला को नजदीकी सीएचसी में भर्ती कराया।
नोडल अधिकारी डॉ. शरद कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को जनसुनवाई पोर्टल पर कोहिनूर अस्पताल के फर्जी संचालन के संबंध में शिकायत मिली थी। जिसके बाद शुक्रवार को टीम के साथ मौके पर पहुंचकर अस्पताल की जांच की। वहां पर एक गर्भवती महिला भी भर्ती मिली, जिसको वहां तैनात दो स्टॉफ नर्स द्वारा ड्रीप लगाई जा रही थी। नोडल अधिकारी ने बताया कि अस्पताल संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन मौके पर अस्पताल संचालिका शमसीर मलिक नहीं पहुंची। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गर्भवती महिला को मंडी धरौना की सीएचसी में भर्ती करा दिया और अस्पताल को सील कर दिया।
अस्पताल में चल रहे ओटी कक्ष भी सील किया है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध अस्पताल की जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। स्वास्थ्य विभाग की टीम की कार्रवाई को देख क्षेत्र के आसपास में फर्जी क्लीनिक चलाने वाले भी दुकानों के शटर गिराकर वहां से भागते नजर आए। नोडल अधिकारी डॉ. शरद कुमार ने बताया कि अस्पताल संचालिका शमसीर को नोटिस जारी किया है, यदि चार दिन में संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।