शिव को प्रिय सावन में गांव-गिरांव से नगर तक हर तरफ माहौल भक्तिमय है। दूसरे सोमवार और तेरस पर शिव का जलाभिषेक करने के लिए शिवालयों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। भोर से ही शिव मंदिरों में घंटे-घड़ियाल गूंजने लगे थे। भक्तों ने उपवास रखा और गंगाजल और दुग्ध आदि से महादेव का अभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
गजरौला से सटे चाकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए भोर से ही कांवड़ियों की लाइन लग गई थी। भक्तों ने भी महादेव का जलाभिषेक कर बेेलपत्र, भांग व धतूरा आदि चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। दोपहर तक मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा। परिसर में मेला भी लगा। उधर, नगर के गली मोहल्लों में स्थित शिव मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ लगी रही।
भक्तों ने किया जलाभिषेक
हसनपुर/सैदनगली/रूखालू। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को क्षेत्र के शिवाला मंदिर में नगर और आसपास के ग्रामीण अंचलों के शिव भक्तों की भीड़ उमड़ी। नगली क्षेत्र के गांव बिजनौर में प्राचीन शिव मंदिर और रूखालू क्षेत्र में भी शिव भक्तों में उत्साह दिखा।
मंदिरों के बाहर फोर्स रही अलर्ट
अमरोहा। वासुदेव तीर्थ स्थल पर सुबह होते ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया था। दोपहर तक पूजा-अर्चना करने वालों की तीर्थ स्थल पर भीड़ रही। वहीं, बाबा गंगानाथ मंदिर, मंदिर चौरासी घंटे वाला, रियासत वाला मंदिर, दुर्गा मंदिर, प्राचीन शिव मंदिर गजस्थल आदि में भी भीड़ रही। वहीं मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस फोर्स मंदिरों के बाहर अलर्ट रही। सीसी टीवी कैमरे से मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की गई।
देहात क्षेेत्रों में हुआ जलाभिषेक
अमरोहा, जोया, कैलसा, रजबपुर, नौगावां सादात आदि क्षेत्रों के प्रसिद्घ शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने वालों का तांता लगा रहा। श्रद्घालुओं ने विधिविधान के साथ पूजा अर्चना की।
शांतिपूर्ण संपन्न हुआ जलाभिषेक
अमरोहा। जिलाधिकारी वेद प्रकाश ने बताया कि सावन के दूसरे सोमवार का जलाभिषेक शांतिपूर्ण संपन्न हुआ है। कहीं से कोई शिकायत नहीं मिली है। सुरक्षा व्यवस्था चाकचौबंद रही।