अमरोहा। यूपी बोर्ड की लिखित परीक्षाओं से पहले होने वाली प्रयोगात्मक परीक्षाओं की तैयारियां तेज हो गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी समेत जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। प्रयोगात्मक परीक्षाएं सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में आयोजित की जाएंगी।
यूपी बोर्ड की लिखित परीक्षाएं 24 फरवरी तो प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आयोजन एक फरवरी से होगा। जिले में परीक्षा के लिए 71 केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 51058 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए स्कूलों की प्रयोगशालाओं की व्यवस्था भी सुधारी जा रही है। प्रयोगात्मक परीक्षाओं का आयोजन सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगा। जिसकी फुटेज प्रधानाचार्यों को सुरक्षित रखनी होगी। मूल्यांकन के अंक एप के माध्यम से अंकित किए जाएंगे। परीक्षा की पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी। जिसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
-
सचल दस्तों की हुई तैनाती
परीक्षा को पारदर्शी रूप से नकलविहीन संपन्न कराया जाएगा। सीसीटीवी कैमरों की नजर तो परीक्षार्थियों पर रहेगी ही, साथ ही सचल दस्ते भी परीक्षा केंद्रों की निगेहबानी करेंगे। डीआईओएस स्तर पर सचल दस्तों की तैनाती भी कर दी गई है।
-
शिक्षकों का डाटा न देने वाले 150 प्रधानाचार्यों को नोटिस
परीक्षा केंद्रों पर करीब 50 फीसदी शिक्षकों की तैनाती कक्ष निरीक्षकों के रूप में की जाएगी। इसके लिए बोर्ड की ओर से स्कूलों में कार्यरत विषयवार शिक्षकों का डाटा मांगा गया था। करीब 150 स्कूलों ने शिक्षकों का डाटा नहीं दिया, जिस पर 150 स्कूलों के प्रधानाचार्यों को नोटिस जारी किया गया है।