गजरौला। दो ट्रांसफार्मरों में आई खामी से कई मोहल्लों की बिजली चली गई। लोगों के इनवर्टर भी जबाव दे गए। पानी के लिए भी लोग परेशान रहे। बिजली नहीं आने से परेशान नागरिकों ने जेनरेटर चलाकर पानी का इंतजाम किया।
मायापुरी मोहल्ले में मंडी के पीछे 400 केवीए का ट्रांसफार्मर रखा है। इसमें शनिवार रात करीब दो बजे तकनीकी खामी आ गई जिससे पूरे मोहल्ले की बिजली गुल हो गई। सुबह 10 बजे तक मायापुरी मोहल्ले में बिजली नहीं आई। इस कारण लोग पानी भी नहीं भर सके। जिसे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
उधर, अतरपुरा मोहल्ले में रेलवे लाइन के पास रखे 100 केवीए के ट्रांसफार्मर से तेल टपक रहा था। कहीं यह फुंक न जाए, इस आशंका के चलते रविवार तड़के तीन बजे विभाग के कर्मचारियों ने उसे बंद कर दिया जिससे अतरपुरा मोहल्ले की आपूर्ति ठप हो गई।
सुबह 10 बजे तक लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे, लेकिन नहीं आई। इसके चलते समरपाल सिंह, कोमल, निकिता, अंजलि, बृजपाल सिंह, भोला आदि बस्ती मोहल्ले में गए। जेनरेटर लेकर आए और जेनरेटर चलाकर सबमर्सिबल चालू कर पानी का इंतजाम किया। इसी मोहल्ले की दूसरी गली में राजवीर सिंह, ऊदल सिंह, गिरीश, सुरेंद्र सिंह, ऊषा चौहान, दिनेश, हरपाल सिंह सैनी, देव सिद्धू रवि आदि ने भी बिजली नहीं आने के कारण जनरेटर मंगाया। पानी का इंतजाम कर तब घर के अन्य कार्य किए। दोपहर करीब डेढ़ बजे बिजली आ सकी। जेई अनिकेत दूबे ने बताया कि दो ट्रांसफार्मर में खामी आ गई थी। इस कारण आपूर्ति बाधित रही।