हसनपुर। तहसील क्षेत्र के गांव खैलिया की मढैया से ईटा मार्ग पर बनी रही पीडब्ल्यूडी की सड़क मरम्मत में घटिया सामग्री लगाने के विरोध में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। बनी सड़क की नई परत को उखाड़ दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
बीते तीन दिनों से चल रहे मरम्मत कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। शनिवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया और सड़क मरम्मत को डाली जा रही नई परत को उखाड़ दिया। वायरल वीडियो में दिख रहा है कि इस्तेमाल की गई सामग्री इतनी कमजोर है कि वह आसानी से उखड़ गई है।ग्रामीणों का आरोप है कि पुरानी रेत-मिट्टी को हटाए बिना ही सड़क पर नई परत डाल दी गई। इससे सड़क में सही तरह से सामग्री टिक नहीं पाएंगी। सड़क पर डाले गए मिश्रण की गुणवत्ता बेहद खराब है। इससे सड़क जल्द ही खराब होने का अंदेशा है। जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मानक के अनुरूप कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे सामूहिक धरना-प्रदर्शन करने को विवश होंगे। प्रदर्शन करने वालों में राजकुमार, समरपाल, सुबोध, खुबी, धर्मपाल आदि रहे। सड़क निर्माण के दौरान गन्ना लेकर आए एक ट्रैक्टर से लगभग सात मीटर सड़क उखड़ गई थी। जिसे ठीक कर दिया गया है। शेष सड़क निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप है।-गिरीश कुमार सिंह, अमरोहा निर्माण खंड अधिशासी अभियंता