गजरौला। पैंटून पुल हटाए जाने के बाद दारानगर गांव के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। अब उन्हें बाह नाला पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे रोजमर्रा के आवागमन में दिक्कत हो रही है।
अलीनगर और दारानगर गांव के बीच बाह नाला (रामगंगा पोषक नहर) बहती है। गंगा के टापू पर बसे दारानगर गांव के लोगों के आवागमन के लिए यहां पैंटून पुल लगाया गया था। ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली, बुग्गी और बाइक से इसी पुल के जरिए आवाजाही करते थे। बारिश और जलस्तर बढ़ने के कारण सिंचाई विभाग ने कुछ दिन पहले पैंटून पुल हटवा दिया।
अब दारानगर के लोग गजरौला, अलीनगर और धनौरा आने-जाने के लिए नाव पर निर्भर हैं। वहीं मुरादपुर, अलीनगर और पपसरा खादर के किसान भी अपने खेतों तक पहुंचने तथा चारा लाने के लिए नाव या ट्यूब का सहारा ले रहे हैं।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता रवि प्रकाश सिंह ने बताया कि बढ़ते जलस्तर के कारण पैंटून पुल कुछ दिन पहले हटवा दिया गया है। संवाद