बीएमएस की परीक्षा देने आए युवक की स्कूटी की डिग्गी तोड़ कर उसमें रखे एटीएम कार्ड, पर्स, आधार कार्ड चोरी कर लिए गए। एक दिन बाद तहरीर देने पहुंचने पर थाने में मिले दो सिपाहियों पर अभद्रता करने का आरोप है। सिपाही यह कह कर उलझ गए कि घटना के दिन तहरीर देने आना चाहिए था। किसी तरह लोगों ने मामला शांत कराया।
हसनपुर तहसील क्षेत्र के थाना और गांव आदमपुर निवासी राहुल कुमार बीएमएस की तैयारी कर रहे हैं। इस समय उनकी परीक्षा चल रही है। परीक्षा केंद्र गजरौला के रमाबाई आंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में है। सोमवार की सुबह वह प्रथम पाली में दस बजे परीक्षा देने आए। महाविद्यालय परिसर में स्कूटी खड़ी कर परीक्षा देने चले गए। अपना मोबाइल, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और पर्स स्कूटी की डिग्गी में रख दिए। पर्स में दस हजार रुपये रखे हुए थे। मौका पाकर किसी ने डिग्गी का लॉक तोड़ कर उसमें रखा पर्स, एटीएम, आधार कार्ड गायब कर दिए। मोबाइल का सिम कार्ड और मेमोरी कार्ड भी निकाल लिया। वह दो बजे पेपर देकर आए तो स्कूटी की डिग्गी टूटी देख हैरत में रह गए। देखा डिग्गी में रखा सामान गायब था।
वह मंगलवार को घटना की तहरीर लेकर थाना पहुंचे। यहां पुलिस को तहरीर दी। आरोप है कि कस्बे में तैनात दो सिपाही ने घटना के दिन तहरीर देने की बात कहते हुए राहुल व उनके रिश्तेदार युवक से उलझ गए। सिपाहियों व राहुल व उनके रिश्तेदार के बीच काफी देर तक नोकझोंक हुई। किसी तरह लोगों ने मामला शांत कराया।
थाना प्रभारी राजेश तिवारी का कहना है कि सिपाहियों के साथ नोकझोंक व उलझने की उनको जानकारी नहीं है। इस बाबत किसी ने शिकायत भी नहीं की।