चोर के आने की अफवाहें लगातार बढ़ रही है। मंगलवार रात क्षेत्र के तीन गांवों में चोर आने की ऐसी अफवाह उड़ी कि पुलिस कभी इस गांव में दौड़ी तो कभी उस गांव में। एक ग्रामीण ने तो अपने घर में चोर आने की सूचना 112 नंबर पर दी। हालांकि, किसी भी गांव पुलिस व ग्रामीणों को चोर नजर नहीं आए।
मंगलवार रात गांव कैसरा, लिसड़ी खुर्द व शाहबाजपुर गुर्जर में चोर आने की अफवाह फैल गई। अपनी जान माल की रक्षा के लिए रातभर जाग रहे ग्रामीण चोर आने की अफवाह पर घरों से बाहर आ गए। गांव कैसरा में शमीम नामक ग्रामीण ने 112 नंबर को फोन कर घर में चोर आने की सूचना दी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, चोर नहीं मिले। इसके बाद शाहबाजपुर व लिसड़ी खुर्द में चोर आने की अफवाह उड़ गई। पुलिस दोनों गांव में पहुंची। रातभर ग्रामीण चोर आने की आशंका में अपने घराें के बाहर डटे रहे। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें लेकिन अफवाह न फैलाएं।