रहरा। गांव मटीपुरा में शनिवार रात मेरठ की एंटी नारकोटिक्स की टीम की कार्रवाई के बाद अब पुलिस मामले में फरार भाजपा के बूथ अध्यक्ष सहित अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। टीम ने पुलिस के साथ कार्रवाई कर बरेली के यासीन व नजीर को गिरफ्तार किया था। वहीं मौके से 15 किलोग्राम के 81 कट्टों में भरा करीब 12.75 क्विंटल डोडा चूर्ण बरामद किया था।
शनिवार रात को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स थाने के एसआई तुषार सिंह ने टीम और स्थानीय पुलिस के साथ गांव मटीपुरा में छापा मारा था। टीम ने गांव के बाहरी छोर पर स्थित गांव के अमरपाल की सीमेंट स्टोर की दुकानों से करीब 12.75 क्विंटल डोडा चूर्ण बरामद किया गया था। इसकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है। टीम ने मौके से बरेली के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
एसआई तुषार सिंह की तहरीर पर रहरा थाने में बरेली के हाफिजगंज थानाक्षेत्र के गांव खाई खेड़ा निवासी यासीन व बिथरी चेनपुरा कस्बा उरला जागीर के मोहल्ला ककरयाई निवासी नाजिर उर्फ अब्दुल्ला, बरेली के हाफिजगंज निवासी इब्राहिम अंसारी उर्फ सोनू, मटीपुरा निवासी अमरपाल व एक अज्ञात के खिलाफ के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। यासीन और नाजिर को गिरफ्तार कर जेेल भेजा जा चुका है जबकि इब्राहिम अंसारी, अमरपाल समेत तीन आरोपी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि इब्राहित इंसारी गैंग का सरगना है जबकि आरोपी अमरपाल भाजपा का बूथ अध्यक्ष भी बताया जा रहा है।