फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिपाही का शव रख हाईवे जाम कर रहे ग्रामीणों पर लाठीचार्ज

विज्ञापन
गजरौला में हाईवे पर पुलिस से नोकझोंक करते मृतक सिपाही के पिता। - फोटो : GAJRAULA
विज्ञापन
गजरौला (अमरोहा)। बागपत में तैनात अमरोहा निवासी सिपाही की मौत को लेकर शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने चौकी में हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया। आरोपियों की गिरफ्तारी और मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये का मुआवजा आदि मांगों को लेकर परिजनों ने शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। गुस्साई पुलिस ने लाठियां भांजकर उन्हें खदेड़ दिया। इस दौरान मृतक के पिता और ताऊ से धक्कामुक्की की गई। साथ ही वीडियो बना रहे एक युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। लगभग चार घंटे बाद पहुंचे विधायक राजीव तरारा और एसपी डॉ. विपिन ताडा के समझाने पर भीड़ शांत हुई।
विज्ञापन

शुक्रवार की सुबह लगभग दस बजे हसनपुर तहसील के थाना सैदनगली के गांव तरारा खुर्द के ग्रामीण गांव निवासी राजेंद्र जाटव के 25 वर्षीय पुत्र प्रवीण कुमार का शव लेकर भीमाठीकरी गांव से लिंक मार्ग होते हुए जीरो बंधे पर पहुंचे। यहां से हाईवे पर कांकाठेर चौराहे पर पहुंचकर जाम लगा दिया। वहां पहले से ही मौजूद गजरौला समेत कई थानों की फोर्स से ग्रामीणों एवं मृतक के परिजनों की नोकझोंक भी हुई। इसी दौरान पुलिस ने मृतक के पिता राजेंद्र और ताऊ रामेश्वर के साथ धक्कामुक्की कर उन्हें पुलिस की गाड़ी में डाल दिया और जाम लगा रहे ग्रामीणों पर लाठियां भांज दीं। इससे वहां भगदड़ मच गई।
इसी दौरान वहां कई युवक मोबाइल से वीडियो बना रहे थे। अचानक ही पुलिस ने गांव तरारा निवासी अंकित को पकड़ लिया और उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। उसका मोबाइल भी छीन लिया। इस पर मृतक के परिजन और भड़क गए। उन्होंने स्थानीय पुलिस पर ही गंभीर आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। वहां आईं सीओ मोनिका यादव, इंस्पेक्टर डीके शर्मा के साथ ही हसनपुर के एसडीएम उद्भव त्रिपाठी से भी तीखी बहसबाजी हुई। हसनपुर के सीओ कुलदीप कुकरेती से भी नोकझोंक हुई। गुस्साए परिजन बागपत जनपद के दोघट थाने की टीकरी चौकी पर तैनात दरोगा को बुलाने की जिद पर अड़े हुए थे।
विज्ञापन

उन्होंने वहां की पुलिस पर अपने पुत्र की हत्या कर इसे आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया। बाद में वहां पहुंचे विधायक राजीव तरारा और एसपी डॉ. विपिन ताडा के समझाने और शासन से हर संभव मदद दिलाने के आश्वासन पर वे शांत हो गए। इसके बाद सिपाही के शव को अंतिम संस्कार के लिए गंगाधाम तिगरी ले जाया गया। बता दें कि प्रवीण कुमार वर्ष 2016 में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। उसका शव बागपत जनपद में ही दोघट थाने की टीकरी चौकी में मिला था। बताया गया था कि उसने चौकी इंचार्ज के सरकारी रिवाल्वर से आत्महत्या की थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें