मंडी धनौरा (अमरोहा)। थाना क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं दूसरी और सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया। ग्रामीणों द्वारा समझाने पर मायके वाले लोग शांत हो गए। समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।
घटना थाना क्षेत्र के एक गांव की है। यहां रहने वाली एक महिला उम्र 45 साल ने शुक्रवार की शाम घरेलू विवाद के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिस कारण उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए। उसने महिला को मृत घोषित कर दिया। मौत से परिजनों में कोहराम मचा गया। सूचना पाकर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। हंगामा होता देख ग्रामीणों ने हंगामा कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया। पुलिस को सूचना दिए बिना मृतका का गंगा तट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार ने ऐसी किसी घटना की जानकारी से इनकार किया है।