गजरौला। कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे के बीच सड़कों पर बेवजह घूमने वालों को रोकने के लिए पुलिस ने इंदिरा चौक- बस्ती मार्ग पर अवरोधक लगाकर रास्ता बंद कर दिया। वहीं एसपी सुनीति के आदेश पर वाहनों की चेकिंग का अभियान भी चलाया। इस दौरान 25 लोगों की बाइकों के चालान किए गए। कई लोगों से पुलिस की नोकझोंक भी हुई तो दरोगाओं ने उन्हें कोविड-19 की गाइडलाइन का पाठ पढ़ाया।
रविवार की सुबह पुलिस ने सड़कों पर बढ़ती आवाजाही देख इंदिरा चौक-बस्ती मार्ग पर अवरोधक लगाकर रास्ता बंद कर दिया। वहां से वाहन लेकर गुजरने वालों को वापस लौटना पड़ा। कई लोगों से पुलिस की नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने समझाया कि बेवजह सड़कों पर घूमने की बजाए घरों में रहें। कोरोना की चेन भी टूट जाएगी। बाद में सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक इंदिरा चौक और चौपला पर वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान चौपला पुलिस चौकी पर पहुंचे इंस्पेक्टर आरपी शर्मा ने वहां से गुजर रहे वाहनों को रुकवाकर पूछताछ की। बेवजह घूम रहे लोगों को कड़ी फटकार भी लगाई।
मंडी समिति में उड़ रहीं सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां
गजरौला। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद मंडी समिति में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं हो पा रहा है। कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे से भी लोग सबक नहीं ले रहे हैं। यही वजह है कि वहां सुबह के समय काफी भीड़ रहती है। हालांकि मंडी में एसएसआई प्रमोद पाठक लाठी फटकारकर भीड़ को खदेड़ते रहते हैं लेकिन भीड़ है कि कम ही नहीं होती। लोग खतरे से अनजान होकर वहां आ रहे हैं। संवाद