13 जुलाई से भगवान शंकर के आराध्य का माह सावन शुरू हो रहा है, ऐसे में पुरी संभावना है कि
चौदह जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो। 14 जुलाई से संभावित कांवड़ यात्रा को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया है। नेशनल हाईवे पर कांवड़ियों के आवागमन को लेकर बेहद सतर्कता बरतने के साथ चौबीस घंटे खाकी का पहरा रहेगा। महीने के हर सोमवार को शिव भक्तों का जनसैलबा सड़कों पर उमड़ेगा।
सावन माह की 13 जुलाई से हो रहा, लेकिन इस माह पहला सोमवार 18 जुलाई को होगा। ऐसे में 16 जुलाई से कांवड़ियों का आवागमन शुरू होगा। लेकिन प्रशासन 14 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू होना मानकर अपनी तैयारी की है, इसमें कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर नेशनल हाईवे पर कड़े इंतजाम किए जाएंगे। इसके लिए हाईवे पर चौबीस घंटे पुलिस की तैनाती शिफ्टों में रहेगी। इसके साथ अमन में खलल डालने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी निगरानी रहेगी। जलाभिषेक के दौरान शिवालयों और मंदिरों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया जाएगा। वहां सिविल और वर्दी में पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। नेशनल हाईवे पर शिवभक्तों का जमावड़ा होते ही रूट डायवर्ट किया जाएगा। बड़े वाहनों को चिन्हित स्थानों से निकाला जाएगा। सावन माह में अमरोहा, मुरादाबाद, चंदौसी, संभल, रामपुर और बरेली के अलावा तमाम जनपदों से शिवभक्त पूरे माह कांवड़ और गंगाजल लेने के लिए कूच करते हैं। जबकि आने वाले सोमवार को संबंधित शिवालयों और मंदिरों में भोले बाबा का जलाभिषेक करते हैं।
--
कांवड़ यात्रा की तैयारियों का खाका तैयार कर लिया गया है, जल्द ही अधीनस्थों के साथ बैठक कर उसको क्रियान्वित करने के लिए दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। इसमें कांवड़ियों की सुरक्षा और उन्हें सुविधा उपलब्ध कराया जाएगा। शिवभक्तों को किसी भी कीमत पर दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। -बीके त्रिपाठी, डीएम
इस बार सावन में चार सोमवार आएंगे। पहला सोमवार 18 जुलाई है, जबकि दूसरा 25 जुलाई को, 27 जुलाई की शिवरात्रि होगी। तीसरा सोमवार 1 अगस्त और चौथा और आखिरी सोमवार 8 अगस्त को होगा। इस बार सावन माह में चार सोमवार पड़े थे।-पंडित आशुतोष त्रिवेदी, श्रीबाबा गंगानाथ मंदिर