अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार भदौरिया व सीओ धनौरा श्वेताभ भास्कर ने रविवार को गंगा दशहरा स्नान पर्व के दृष्टिगत ब्रजघाट गंगा व तिगरी में घाटों का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं के स्नान को सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए स्थानीय पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
गंगा दशहरा स्थान ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मनाया जाता है, और इस साल गंगा दशहरा 2025 का पर्व पांच जून को मनाया जाएगा। शास्त्रों में गंगा दशहरा का विशेष महत्व है। गंगा दहशरा पर तिगरी एवं ब्रजघाट गंगा घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करेंगे। इसी की तैयारियों को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार भदौरिया ने तिगरी गंगा घाट एवं ब्रजघाट में घाटों का निरीक्षण किया।
श्रद्धालुओं के स्नान के दौरान रुट डायवर्जन व पार्किंग स्थलों, श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस बल, फ्लड पीएसी व स्थानीय गोताखोरों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। स्नान क्षेत्र में प्रवेश करने वाले मार्गों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं पीएसी को तैनात किया गया है। स्नान को सकुशल व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक गजरौला अखिलेश प्रधान व यातायात प्रभारी आदि मौजूद रहे।