अमरोहा। सब कुछ ठीक रहा तो शूटिंग के खिलाड़ियों को जल्द ही जिले में रेंज की सुविधा मिल सकेगी। स्पोर्ट्स स्टेडियम में आठ टारगेट की शूटिंग रेंज बनाने की कवायद की जा रही है। जल्द ही इसकी प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है।
स्पोर्ट्स स्टेडियम मालीखेड़ा में 53 बीघा जमीन में 10.69 करोड़ लागत से स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण हुआ। पांच जनवरी 2018 को पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान ने इसका शिलान्यास किया था। फरवरी 2023 में यह स्टेडियम क्रीड़ा विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। स्टेडियम में खेल सुविधाओं को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। स्टेडियम में इनडोर खेलों की सुविधाएं बढ़ाने के लिए बहुद्देश्यीय हॉल का निर्माण भी किया जा रहा है। जिस पर 7.76 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
इंडोर खेलों के तहत हॉल में बास्केट बॉल, बैडमिंटन, हैंडबॉल, कबड्डी, टेबल टेनिस, टेनिस, कुश्ती आदि खेलों का आयोजन किया जा सकेगा। एक खेल के बाद किसी दूसरे खेल के लिए कोर्ट को तुरंत ही बदलने में भी आसानी होगी। इससे खिलाड़ियों को परेशानी भी नहीं होगी और समय की बचत भी होगी। हॉल के निर्माण का काम लगभग अंतिम चरण में है तथा मार्च तक इसके पूरा होने की उम्मीद है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी की मानें तो युवाओं को स्टेडियम में सुविधाएं मुहैया कराने के लिए डीएम भी रुचि ले रही हैं। इसके तहत ही बदुद्देश्यीय हॉल में शूटिंग के शौकीन खिलाड़ियों के लिए रेंज भी बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि बहुद्देश्यीय हॉल का निर्माण पूरा होने के साथ ही इसकी कवायद भी शुरू कर दी जाएगी।
आठ टारगेट की होगी शूटिंग रेंज
जिला क्रीड़ा अधिकारी देशकांत त्यागी ने बताया कि शूटिंग रेंज को आठ टारगेट का बनाने के प्रयास किए जाएंगे। बाकी जगह के आधार पर निर्धारण होगा। उन्होंने बताया कि दो टारगेट कंप्यूटराइज्ड व छह मैनुअल रखे जाएंगे। उन्होंने बताया कि शूटिंग रेंज बनने के बाद मंडल में अमरोहा बिजनौर के बाद दूसरा जिला होगा, जहां खिलाड़ियों को शूटिंग की सुविधा मिल सकेगी।